क्षेेत्र पंचायत समिति की बैठक से गैरहाजिर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. यूएस अधिकारी का वेतन काटने का निर्देश दिया। प्राथमिक विद्यालय गोठीधूरा में कार्यरत शिक्षक ने अपने बदले में ठेके पर किसी दूसरे व्यक्ति को रखने का मामला भी प्रकाश में आया। वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी ने शिक्षक के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
ब्लाक प्रमुख नेत्र सिंह कुंवर की अध्यक्षता में हुई बैठक में वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी विशेष रूप से मौजूद थे। बैठक में शिक्षा और विकास के मुद्दों पर चर्चा हुई। प्राथमिक विद्यालय दाड़िमपाटा में भवन जीर्ण शीर्ण हो गया है और बच्चों को बरामदे में बिठाना पड़ रहा है। हरीश धामी ने इस अव्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। खंड विकास अधिकारी केएस रावत के संचालन में हुई बैठक में सदस्यों ने कई मुद्दे उठाए।
क्षेत्र पंचायत सदस्य विशन धामी, राम सिंह धामी, प्रधान देेवी दत्त उपाध्याय, लीला धामी,अर्चना गुंज्याल ने गालागाड़, जिप्ती, रांथी, कालिका खेला के विद्यालयों में भवन और अध्यापकों की कमी सहित तमाम शिकायत की। जिला शिक्षाधिकारी शौकत अली ने कहा कि सारे विद्यालयों गेस्ट टीचर नियुक्त किए जा रहे हैं। शीघ्र ही स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर हो जाएगी। जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र थापा ने धारचूला नगर में मात्र 400 मीटर की दूरी पर स्थित सात प्राथमिक विद्यालयों का एकीकरण करने की मांग की। सीमांत क्षेत्र में मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। ब्लॉक प्रमुख नेत्र सिंह कुंवर ने कहा कि अगले माह से स्वयं मुख्यमंत्री धारचूला भ्रमण कर समस्याएं सुनेंगे। यदि समस्त काम पूरे नहीं हुए तो कई अधिकारियों पर गाज गिरना तय है। बैठक में दर्जा राज्यमंत्री कैलाश रावत, जिलाधिकारी एचसी सेमवाल, उपजिलाधिकारी संतोष पांडे, ज्येष्ठ प्रमुख दौलत बिष्ट, तहसीलदार इंद्र बहादुर मल्ल, समस्त ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित लोनिवि, आरईएस, पीएमजीएसवाई, बाल विकास परियोजना, युवा कल्याण विभाग, सिंचाई विभाग अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।