बोरागांव में नवयुवक मंगल दल की ओर से आयोजित घणालीनाग महोत्सव शुरू हो गया है। तीन दिन तक चलने वाले महोत्सव के दौरान लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम होंगे। सोमवार की रात पिथौरागढ़ से आई दर्पण कला मंच की टीम ने ‘डीडीहाट की छमिया छोरी, तू आली चोरी चोरी’ गीत प्रस्तुत किया तो दर्शक झूमने लगे। टीम के कलाकारों ने कई अन्य कार्यक्रम भी पेश किए।
महोत्सव का उद्घाटन करते हुए विधायक विशन सिंह चुफाल ने कहा कि यह ग्रामीण अंचलों में सांस्कृतिक चेतना के विकास में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने और लोगों को स्वस्थ मनोरंजन देने में महोत्सव कामयाब हो रहा है। कड़ाके की ठंड के बीच लोग देर रात तक कार्यक्रम देख रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डा. गिरीश चंद्र पांडे ने कहा कि यह लोगों की चेतना का ही परिणाम है कि पिछले तीन वर्षों से लगातार महोत्सव का आयोजन हो रहा है। उन्होंने आयोजकों के प्रयास तथा लोगों की एकजुटता की सराहना की। महोत्सव समिति के अध्यक्ष प्रह्लाद बोरा ने कहा कि लोगों की मांग पर ही कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर नंदन सिंह, मनोहर सिंह, बलवंत बोरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा मेहरा, प्रधान प्रह्लाद सिंह समेत तमाम लोग थे।