पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कोविड काल में डॉक्टर, नर्स, एएनएम कोरोना संक्रमितों को नया जीवन देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सांसद अजय टम्टा के साथ पीपीई किट पहनकर बेस और जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती संक्रमित मरीजों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
सीएम बनने के बाद पहली बार पिथौरागढ़ पहुंचे तीरथ ने बेस और जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएम ने जिला बेस चिकित्सालय में कोविड केयर सेंटर के साथ ही ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट (ओजीपी) भवन और आरटीपीसीआर लैब के कार्यों का निरीक्षण किया गया।
उन्होंने बेस चिकित्सालय में भर्ती कोविड पॉजिटिव मरीजों के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने 26.92 लाख रुपये की राशि से बेस चिकित्सालय में बन रहे ओजीपी हॉल का शिलान्यास किया। जिला अस्पताल के निरीक्षण के अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना की।
कहा कि कोविड काल में डॉक्टर, नर्स, एएनएम काफी मेहनत कर रहे हैं। पीपीई किट पहनकर 24 घंटे काम कर रहे हैं। उनका योगदान अतुल्य है। कोविड की रोकथाम में जहां लोग एक तरफ घरों में हैं, वहीं स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमितों को नया जीवन देने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने आईसीयू और कोविड सेंटर में मरीजों से भी बात की और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मरीजों ने बताया कि उन्हें समय पर दवा और भोजन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रेमडेसिविर इंजेक्शन भी पर्याप्त मात्रा में प्रदेश में उपलब्ध है।
अगले सप्ताह सुचारु जो जाएगा ऑक्सीजन जनरेशन यूनिट
पिथौरागढ़। जिला अस्पताल में अगले सप्ताह तक ऑक्सीजन जनरेशन यूनिट शुरू हो जाएगी। सीएम ने पीएमएस से जिला चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे जानकारी ली। सीएम ने यहां पर नव निर्मित ऑक्सीजन जनरेशन भवन का भी निरीक्षण किया। पीएमएस डॉ. केसी भट्ट ने बताया कि 25 मई से ऑक्सीजन जनरेशन यूनिट स्थापित करने का कार्य संबंधित फर्म शुरू कर देगी। जो अगले सप्ताह तक सुचारु हो जाएगा।
हर सीएचसी में ऑक्सीजन सुविधा देने के प्रयास
पिथौरागढ़। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रत्येक सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के प्रयास किए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्र की जनता को जिले के अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश के हर अस्पताल में एक अप्रैल से 21 मई तक आईसीयू बेड, ऑक्सीजन प्लांट, वेंटिलेटर बढ़ाए हैं। कम समय में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने का प्रयास किया है। विधायक और मंत्रियों को एक-एक करोड़ की राशि जारी कर क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के प्रयास किए हैं। सुविधाएं दुरुस्त होने के कारण ही मरीजों की संख्या भी धीरे-धीरे कमी आ रही है।
पत्रकार और सीएम का काम एक जैसा
पिथौरागढ़। सीएम ने बेस अस्पताल में निरीक्षण के दौरान पत्रकारों और सीएम के काम को एक समान बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सीएम को कई जगह दौड़ लगानी पड़ती है। उसी तरह पत्रकारों को भी दौड़ना पड़ता है। सीएम और पत्रकारों की ड्यूटी एक सी है। इसलिए भाजपा सरकार ने पत्रकारों को पहले कोरोना टीके लगवाए।