पिथौरागढ़। जिलाधिकारी रीना जोशी ने सिनेमा लाइन वार्ड के कुंडी खोला क्षेत्र में फैली गंदगी देखकर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने क्षेत्र में फैली गंदगी के लिए नगर पालिका के अधिकारियों को फटकार लगाई और कूड़ा निस्तारण करने के साथ ही कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम रीना ने एसडीएम सदर अनुराग आर्य, नगर पालिका के मानचित्रकार नंदाबल्लभ पांडे के साथ सिनेमा लाइन वार्ड के कुंडी खोला का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में सफाई का पालिका को विशेष ध्यान देना होगा। इसके बाद डीएम ने नगर क्षेत्र के गांधी चौक बाजार, बहुउद्देश्यीय पार्किंग समेत अन्य स्थानों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने लोगों से भी अपने गांव, शहर, जिले को स्वच्छ बनाए रखने का आह्वान किया। कहा कि इसके लिए सरकार ने देशव्यापी स्वच्छ भारत अभियान चलाया है। नगर पालिका को भी स्वच्छ पुरस्कार दिया जा रहा है। कई जगह नगर निकाय, पंचायत राज विभाग, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वैच्छिक, सामाजिक संगठनों और संस्थाओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें गांव, शहर समेत हर आयु वर्ग के लोगों का सहयोग मिल रहा है।