धारचूला नगर पंचायत बोर्ड बैठक में विचार विमर्श करते पंचायत अध्यक्ष और सभासद
- फोटो : अमर उजाला
नगर को पॉलिथीन से मुक्ति दिलाई जाएगी। इसके लिए हार्ड प्लास्टिक ग्रेनुलेटर मशीन की खरीद की जाएगी। इससे पॉलिथीन को रिसाइकल किया जा सकेगा। यह निर्णय नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में लिया गया। इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कई योजनाओं को भी लागू किया जाएगा।
बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष दशरथी खैर की अध्यक्षता में हुई अंतिम बोर्ड बैठक में कई निर्णय लिए गए। बताया गया कि 14वें वित्त आयोग से 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें कूड़ा निस्तारण के साथ ही पॉलिथीन को रिसाइकल करने वाली मशीन प्लास्टिक ग्रेनुलेटर खरीदने पर सहमति जताई गई। इसके अलावा कूड़ा निस्तारण के लिए हाइड्रोलिक डंपर भी खरीदा जाएगा।
नगर पंचायत क्षेत्र में व्यापारियों से लाइसेंस शुल्क लेने पर भी विचार किया गया। इसके अलावा गृह कर लगाने पर भी चर्चा की गई। नगर पंचायत में हर परिवार को जैविक और अजैविक कूड़ादानों का वितरण करने का भी निर्णय लिया गया। अधिशासी अधिकारी पीएस बोहरा के संचालन में हुई बैठक में सभासद राजेंद्र गर्ब्याल, नृप गर्ब्याल, रजनी ग्वाल, राधा मर्तोलिया, अरविंद वाल्मीकि, मालती देवी, भूरे सिंह, राकेश दयाल आदि थे।