पिथौरागढ़ में गैस एजेंसी के प्रबंधक का घेराव करते उपभोक्ता
- फोटो : अमर उजाला
लंबे समय से रसोई गैस वितरण की अव्यवस्था झेल रहे सिनेमा लाइन क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बुधवार को गैस एजेंसी के प्रबंधक का घेराव किया।
सिनेमा लाइन के सभासद पवन माहरा के नेतृत्व में पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले सिनेमा लाइन क्षेत्र में सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शनिवार को रसोई गैस का वितरण होता था। बाद में इसे सिर्फ एक दिन शनिवार को कर दिया गया। इधर, दो सप्ताह से इलाके में रसोई गैस का वितरण ही नहीं किया गया।
सभासद माहरा ने कहा कि सिनेमा लाइन इलाके में घनी आबादी है। यदि वहां पर रोज भी रसोई गैस का वितरण किया जाए तो भी लोगों की समस्या बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि पहले की तरह सप्ताह में दो दिन रसोई गैस का वितरण नहीं किया गया तो पूरे इलाके के लोग गैस आफिस में तालाबंदी करेंगे। गैस एजेंसी के प्रबंधक डीके जोशी ने कहा कि कुछ समय से रसोई गैस वितरण में जो दिक्कत आई है उसे दूर कर दिया जाएगा। घेराव करने वालों में विनोद सार्की, मुकेश भट्ट, विशाल कुमार, नीरज जोशी, धीरज सार्की, आनंदी पांडे, गीता बिष्ट, सुजीत गुप्ता आदि थे।