हिमनगरी के नाम से पहचाना जाने वाला मुनस्यारी देश की आजादी के बाद भी शिमला, मसूरी, नैनीताल जैसे पहाड़ी स्टेशनों की भांति विकसित नहीं हो पाया है, लेकिन अब मुनस्यारी को विकास के पंख लगाने के लिए बॉलीवुड के सिने अभिनेता संजय मिश्रा आगे आए हैं। उन्होंने पांच दिन पहले मुनस्यारी के विकास का खाका केंद्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा के सामने रखा है।
पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा आदि हिम चोटियों की तलहटी पर बसे मुनस्यारी की सुंदरता के देश ही नहीं बाहरी देशों के लोग भी कायल हैं। हर साल हजारों की संख्या में देसी, विदेशी सैलानी हिमालय के दीदार के लिए मुनस्यारी आते हैं। बात सुविधाओं की करें तो मुनस्यारी की चाक चौबंद व्यवस्था के लिए वहां एक अदद नगर पंचायत तक का गठन अब तक नहीं हो सका है। मुनस्यारी के लिए सुगम सड़क नहीं है।
रविवार को मुनस्यारी जाते समय फोन पर अमर उजाला से हुई बातचीत में सिने अभिनेता ने मुनस्यारी को बेहद खूबसूरत पर्यटक स्थल बताया। कहा कि मुनस्यारी के लिए बेहतर सड़क उपलब्ध कराने के साथ ही हवाई सेवा शुरू होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मुनस्यारी में पर्यटन सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर उनकी 28 फरवरी को दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा को मुलाकात हुई थी। केंद्रीय मंत्री से मुनस्यारी के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है।
मंत्री का मुनस्यारी के विकास को लेकर रुख सकारात्मक था। मुनस्यारी का विकास क्षेत्र के लोगों के लिए खुशहाली लाएगा। मुनस्यारी में फिल्म शूटिंग के सवाल पर सिने अभिनेता ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं के साथ हवाई सेवा की सुविधा मिले तो मुनस्यारी में फिल्म शूटिंग की काफी संभावनाएं हैं। मुनस्यारी के विकास लिए वह पहल करते रहेंगे।
मिश्रा की चार फिल्में जल्द रिलीज होंगी
संजय मिश्रा की लीड रोल वाली कामयाब, अंग्रेजी में कहते हैं और 21 तारीख फिल्म जल्द ही बड़े पर्दे पर रिलीज होने जा रही हैं। फोन पर हुई बातचीत में मिश्रा ने बताया कि कामयाब, अंग्रेजी में कहते हैं, 21 तारीख की शूटिंग पूरी हो चुकी है। यह फिल्में जल्द ही रिलीज हो जाएंगी। टोटल धमाल की शूटिंग चल रही है। टोटल धमाल में अजय देवगन के साथ उनकी मुख्य भूमिका है। अंग्रेजी में कहते हैं फिल्म में कोलकाता की अदाकारा एकावली खन्ना उनके अपोजिट हैं। मिश्रा बताते हैं कि इन सभी फिल्मों में वह मुख्य भूमिका में हैं।
रिश्तेदारों संग मुनस्यारी पहुंचे हैं संजय
संजय मिश्रा को मुनस्यारी बेहद पसंद हैं। वह जब भी डीडीहाट अपनी ससुराल आते हैं, तो मुनस्यारी अवश्य जाते हैं। रविवार को एक बार फिर सिने अभिनेता दो दिनी प्रवास पर मुनस्यारी पहुंचे हैं। वह सोमवार को भी मुनस्यारी में रहेंगे। मिश्रा के साथ मां मीरा मिश्रा, सास कमला पंत, ससुर महेश चंद्र पंत, दोस्त आदिल खान, रिश्तेदार दिनेश पांडे, स्थानीय मित्र दिवाकर पांगती, रंजीत कन्याल, साले की पत्नी मीनू पंत, साले की पुत्री पीहू, पुत्र ऋषभ शामिल हैं। सिने अभिनेता ने मुनस्यारी जाते समय ककड़सिंह बैंड में रिवर बैंक रेस्टोरेंट में परिजनों के साथ दोपहर का भोजन किया। मिश्रा पहाड़ी व्यंजनों के मुरीद हैं।