यहां से चार यात्रियों को गुंजी पहुंचाकर लौट रहे यूटी एयर के हेलीकॉप्टर की बृहस्पतिवार को अपराह्न करीब 4.30 बजे छिरकिला के पास कोकलखेत में इमरजेंसी लैंडिग करनी पड़ी। वापसी में इस हेलीकॉप्टर में यात्री नहीं थे। जैसे ही हेलीकॉप्टर नारायणआश्रम से आगे बढ़ा तो तेज बारिश होने लगी। आगे कोहरा और धुंध होने के कारण पायलट वरुण भल्ला ने इसे छिरकिला में सुरक्षित उतार दिया। करीब डेढ़ घंटे तक मौसम साफ होने का इंतजार करने के बाद शाम छह बजे हेलीकॉप्टर धारचूला पहुंच गया है।
धारचूला में केएमवीएन पर्यटक आवासगृह के प्रबंधक दीवान सिंह बिष्ट ने बताया कि पायलट सुरक्षित हैं। सुबह यहां से यह हेलीकॉप्टर चार यात्रियों को लेकर गुंजी ले गया था। उन्होंने कहा कि पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग के बाद फोन से सूचना दे दी थी। यूटी एयर का एक हेलीकॉप्टर यहां एक हफ्ते तक रहता है। उसके बाद उसे सर्विसिंग के लिए देहरादून ले जाया जाता है। उसकी जगह आज ही यहां नया हेलीकॉप्टर पहुंचा है।