पिथौरागढ़। राम गंगा घाटी के ऊपरी क्षेत्र में बसे बेड़ीनाग ब्लॉक के करीब आधा दर्जन गांव सड़क सुविधा से आज भी वंचित हैं। ग्रामीणों को छोटी-छोटी घरेलू जरूरतों के लिए भी तीन-चार किलोमीटर दूर मुवानी बाजार की दौड़ लगानी पड़ती है। पिलखी गांव के ग्रामीणों ने सोशल मीडिया में वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से सड़क पहुंचाने का अनुरोध किया है।
लोक निर्माण विभाग बेड़ीनाग डिवीजन की ओर से रीठा रैतोली तक सड़क का निर्माण किया है। मुवानी से आगे सड़क पहुंचाने के लिए राम गंगा में रमतड़ जगह पर पुल बनाया जाना है। इसके साथ ही रीठा रैतोली से रमतड़ तक पांच किलोमीटर सड़क काटी जानी है।
इस सड़क पर अभी वन भूमि का क्लीयरेंस भी होना है। इसके चलते सड़क का कार्य अधूरा पड़ा है। इसके चलते मायल, पिलखी, गुरैना रजवार, नैनी आदि गांवों की करीब दो हजार से अधिक की जनता परेशान है। पिलखी की सरपंच गोदावरी देवी ने सोशल मीडिया में मुख्यमंत्री से सड़क पहुंचाने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि रोड नहीं होने से गांव के बुजुर्ग अस्पताल तक नहीं जा पाते हैं। श्रमिकों के सहारे डोली में अस्पताल जाने के लिए उन्हें एक हजार रुपये खर्च करना पड़ता है।
जब रोड नहीं बना सकते तो वोट मांगने भी मत आना
विगत दिनों महिला फेडरेशन की जिलाध्यक्ष रेखा भट्ट पिलखी गांव में पहुंची तो ग्रामीणों ने अपनी व्यथा उन्हें सुनाई। पिलखी की सरपंच गोदावरी देवी ने सोशल मीडिया में वीडियो जारी कर जन प्रतिनिधियों पर भी तीखा कटाक्ष करते हुए कहा है कि जब रोड नहीं बना सकते हो तो वोट मांगने भी मत आना। कहा है कि गांव के युवा अपने बच्चों के साथ बाहर रहकर रोजगार कर रहे हैं। गांव तक सड़क नहीं होने के चलते वह गर्मियों की छुट्टियों में तक घर नहीं आ पाए। एक ओर उद्योग, कृषि की बात की जाती है लेकिन गांव की जमीन बंजर हो रही है। क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में फल होते हैं लेकिन वह गांव में ही सड़ जाते हैं।
............
रीठा रैतोली से सड़क का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद सड़क की डीपीआर केंद्र सरकार में जाएगी। पांच किलोमीटर वन भूमि का पेंच फंसा है।
-दीपक कोरंगा, एई, लोनिवि, बेड़ीनाग