ध्वस्त पैदल मार्ग से इस तरह जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे छिजा के ग्रामीण।
- फोटो : पिथौरागढ़
गोरीपार क्षेत्र के छिजा पैदल मार्ग की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने विधायक से मुलाकात की। ग्रामीणों ने शीघ्र पैदल मार्ग का निर्माण करने की मांग उठाई।
मदकोट बाजार और गोरीपार क्षेत्र को जोड़ने वाला छिजा पैदल मार्ग बीते साल दो जुलाई 2018 को आई दैवी आपदा के कारण ध्वस्त हो गया था। एक वर्ष बीतने के बाद भी अभी तक छिजा पैदल मार्ग का निर्माण नहीं हुआ।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता मनोज सिंह बोथ्याल ने कहा कि शासन-प्रशासन को कई बार जानकारी और ज्ञापन देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन की ओर से महज कोरे आश्वासन दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गोरीपार क्षेत्र के बोथी गांव वालों का यह मुख्य पैदल मार्ग है। हालांकि क्षेत्र में सड़क की सुविधा है लेकिन वह पैदल रास्ते से भी लंबा पड़ता है। साथ ही आड़े वक्त पर वाहन भी नहीं मिल पाते हैं।
गांव के सामाजिक कार्यकर्ता खुशाल सिंह, मनोज सिंह बोथ्याल, वन सरपंच खुशाल सिंह बोथ्याल के नेतृत्व में बोथी गांव के ग्रामीणों ने क्षेत्र के विधायक हरीश धामी से उनके मदकोट स्थित आवास में मुलाकात की। उन्होंने विधायक को ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी दी। विधायक ने शीघ्र पैदल मार्ग को सुचारु रूप से चालू कराए जाने का आश्वासन दिया।