गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। गणाईगंगोली के आईसी मैदान में चल रहे स्व. नंदन सिंह मेहता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में चेतक बनकोट ने भिनगड़ी की टीम को हराया।
मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य बलबीर सिंह बोरा, ईश्वरी दत्त उपाध्याय ने खिलाड़ियों से परिचय कर खेल का शुभारंभ किया। उन्होंने कमेटी को सहयोग के लिए 2100 रुपये की धनराशि दी। भिनगड़ी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। बैटिंग करने उतरी चेतक बनकोट की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उनके प्रारंभिक बल्लेबाज नवीन मात्र दो रन और मनीष बिना खाता खोले ही आउट हो गए।
इसके बाद गुलशन और दीपक ने पारी को संभाला। गुलशन ने 43 रनों की नाबाद पारी खेली। दीपक श्यालाकोटी ने उनका बखूबी साथ दिया और 37 रन बनाए। दीपक के आउट होने के बाद दीपक बनकोटी ने पारी की कमान संभाली। उन्होंने शानदार 57 रनों की पारी खेलते हुए भिनगड़ी के सामने 155 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी भिनगड़ी की टीम 120 रन ही बना सकी। दीपक बनकोटी को उनकी शानदार 57 रनों की पारी और दो विकेट के लिए प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया।