चंपावत। बीस सूत्री कार्यक्रम की सितंबर माह की रैंकिंग में चंपावत जिले ने प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है। जिले को 120 में से 119 अंक प्राप्त हुए जो कुल 99.17 फीसदी है।
यह उपलब्धि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में योजनाओं की प्रभावी निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन से यह लाभ मिला है। मूल्यांकन में शामिल 39 मदों में से चंपावत को 38 में ए श्रेणी और एक में बी श्रेणी मिली। किसी भी मद में जिले को सी या डी श्रेणी नहीं मिली है। बीस सूत्री कार्यक्रम विभिन्न विकास योजनाओं और लक्षित कार्यों की प्रगति का नियमित मूल्यांकन करता है। रैंकिंग में पिथौरागढ़ 96.58 फीसदी अंकों के साथ दूसरे और चमोली 95.73 फीसदी अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।