पिथौरागढ़ में सीईओ को ज्ञापन सौंपते राजकीय पेंशनर्स संगठन के पदाधिकारी। संवाद
पिथौरागढ़। राजकीय पेंशनर्स संगठन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शिक्षकों और अन्य कर्मियों के पेंशन प्रकरणों का निस्तारण करने की मांग उठाई। इस अवसर पर सीईओ ने संगठन के पदाधिकारियों को 30 मई तक पेंशन प्रकरणों का निस्तारण हर हाल में करने का आश्वासन दिया।
संगठन के अध्यक्ष प्रेम बल्लभ जोशी के नेतृत्व में सीईओ को सौंपे ज्ञापन में पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त कई शिक्षकों और कर्मचारियों को एक वर्ष बाद भी पेंशन नहीं मिल पा रही है। संगठन की मांग पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया ने वित्त अधिकारी और समस्त आहरण-वितरण अधिकारी को लंबित पेंशन प्रकरणों का निस्तारण 30 मई तक करने के निर्देश दिए। सीईओ से मिलने वालों में संगठन के सचिव कैलाश पुनेठा, भाष्करानंद जोशी, एमसी जोशी, आरएस खनका, जगदीश थापा आदि शामिल रहे। संवाद