मुनस्यारी के रालम गांव में ग्रामीण महिला के साथ जनगणना के लिए पहुंची प्रगणक।
पिथौरागढ़। सीमांत जिले की दुर्गम दारमा, व्यास और जोहार घाटी में जनगणना का कार्य शुरू हो गया है। जनगणना के लिए प्रगणक इन घाटियों में पहुंच गए हैं। इन दुर्गम क्षेत्रों में 30 सितंबर तक जनगणना का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद बर्फबारी शुरू होने से जनगणना का कार्य पूरा करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
एडीएम योगेंद्र सिंह ने बताया कि दारमा, व्यास और जोहार घाटी में प्रत्येक 650 लोगों पर एक प्रगणक तैनात किया गया है। प्रगणक घाटियों के गांवों में घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। वर्तमान में ग्रामीण इन गांवों में रह रहे हैं, जबकि जाड़ों में प्रवास के लिए निचले इलाकों में लौट जाते हैं। ऐसे में 30 सितंबर तक जनगणना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
डीएम आशीष भटगाईं ने बताया कि जोहार, दारमा और व्यास घाटियों में कुल 35 गांव हैं, जहां सबसे पहले जनगणना की जा रही है। उन्होंने कहा कि दुर्गम और बर्फीले क्षेत्रों में जनगणना का कार्य निर्धारित समय में पूरा करना होगा।