धारचूला (पिथौरागढ़)। बुदि और लमारी के बीच बीती आठ अक्तूबर को हुई वाहन दुर्घटना के मामले में पुलिस ने मृतक बच्चों के पिता की तहरीर पर निर्माण कंपनी और बीआरओ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाल कुंवर सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर रविवार को 304ए के तहत बीआरओ और निर्माण कंपनी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आठ अक्तूबर को बुदि और लमारी के थपली झरने के पास पहाड़ी दरकने से कैंपर (यूके 05 टीए 3803) गुंजी से धारचूला की ओर आने के दौरान भारी मलबे में दब गया था।
हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी। मृतक तीन बच्चों के पिता नप्लचु निवासी वीदन सिंह ने 25 अक्तूबर को कोतवाली धारचूला में तहरीर देकर बीआरओ पर निर्माण कंपनी पर कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी थी। सीओ परवेज अली ने बताया कि जांच के बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।