पिथौरागढ़। ऐसे उपभोक्ता जो छह माह से सस्ता गल्ला की दुकानों से राशन नहीं ले रहे हैं। उनके लिए बुरी खबर है। ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित कर राशन कार्ड निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एक अक्तूबर से राशन कार्डों के निष्क्रिय करने की व्यवस्था लागू होने जा रही है।
नई व्यवस्था के तहत ऐसे राशन कार्डों को चिह्नित किया जाएगा जिनमें पिछले छह माह तक खाद्यान्न वितरण नहीं हुआ है। प्रत्येक माह 21 तारीख को ऐसे कार्ड चिह्नित किए जाएंगे और आगामी माह की पहली तारीख को निष्क्रिय हो जाएंगे। जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि राशन कार्ड स्थायी रूप से हटाए जाने से पहले संबंधित लाभार्थियों को ई-केवाईसी और क्षेत्रीय सत्यापन कराने के लिए 90 दिन का समय मिलेगा। आधार आधारित क्रॉस मैचिंग से डुप्लीकेट लाभार्थियों की भी पहचान की जाएगी।
कार्ड निष्क्रिय होने की सूचना पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन कार्डधारकों के मोबाइल नंबर गलत, निष्क्रिय या राशन कार्ड से लिंक नहीं हैं, वे संबंधित उचित दर विक्रेता (एफपीएस) या पूर्ति निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर विवरण अपडेट करा सकते हैं।
जिला पूर्ति विभाग ने शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला पूर्ति कार्यालय में हेल्प डेस्क भी शुरू किया है। जिला पूर्ति अधिकारी ने पात्र लाभार्थियों से निर्धारित अवधि में सत्यापन कराने की अपील की है।