चंपावत। पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को बनलेख वन चौकी के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार यूके 05 टीए 5045 नंबर की कार में सवार लोग खटीमा से पिथौरागढ़ की ओर जा रहे थे। बनलेख वन चौकी से कुछ दूरी पहले अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली चंपावत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। तब तक बांस मेतोली, चंपावत निवासी नरेंद्र राम (32) पुत्र हेम राम की मौत हो चुकी थी।
हादसे में कार चालक रोहित कुमार (26) पुत्र जगदीश राम, जमन राम (63) पुत्र लक्ष्मण राम और हरी राम (60) पुत्र दानी राम घायल हुए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया।
जिला अस्पताल के पीएमएस हीरा सिंह ह्यांकी ने बताया कि घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चालक रोहित कुमार और जमन राम को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल हरी राम को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया है।
-
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इस दौरान एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। अन्य घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
निहारिका सेमवाल, सीओ, चंपावत