महाविद्यालय की मांग को लेकर निदेशक के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजते छात्र नेता।
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में नया महाविद्यालय खोलने की मांग को लेकर छात्र संघ पदाधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन कर परिसर में तालाबंदी कर उच्च शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। छात्र नेताओं ने विण या मूनाकोट विकासखंड में नया महाविद्यालय नहीं खोलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को छात्र संघ महासचिव मुकेश कुमार और नितिन उप्रेती के नेतृत्व में छात्रों ने नया महाविद्यालय खोलने की मांग उठाते हुए एलएसएम परिसर में तालाबंदी कर दी। तालाबंदी के बाद उच्च शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। इसके बाद छात्रों ने परिसर के निदेशक डॉ.हेम चंद्र पांडेय के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया है कि पिथौरागढ़ महाविद्यालय के स्थान पर एसएस जीना विश्वविद्यालय का परिसर बना दिया गया है। परिसर में अधिक फीस होने से निर्धन परिवार के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करना कठिन साबित हो रहा है।
महासचिव मुकेश कुमार का कहना है कि जब परिसर बनाया जा रहा था उस समय सरकार ने नया महाविद्यालय बनाने का वादा किया गया था। तीन साल होने को हैं अभी तक मूनाकोट या विण विकासखंड में नया महाविद्यालय खोलने के कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर बिण या मूनाकोट विकासखंड में नया महाविद्यालय खोलने को लेकर कोई पहल नहीं हुई तो उन्हें उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना होगा। तालाबंदी और प्रदर्शन करने वालों में नितिन उप्रेती, मनीष कोहली, साहिल चाँद, राहुल धामी, रोहित कोहली, विवेक, सूरज आदि छात्र शामिल थे।