पिथौरागढ़ के व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड मूल्यवर्धित कर (संशोधन) विधेयक 2016 का व्यापारियों ने कड़ा विरोध किया है और इस विधेयक के प्रावधानों को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने को कहा गया। यदि सरकार ने विधेयक को समाप्त नहीं किया तो व्यापारी उग्र आंदोलन करेंगे। व्यापारियों ने यहां जोरदार प्रदर्शन किया और वित्त मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश को ज्ञापन भेजा।
उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष पवन कुमार जोशी और जिला महामंत्री राजेश पंगरिया ने कहा कि सरकार टैक्स संग्रह की प्रक्रिया को सरल बनाने के बजाए लगातार जटिल बनाती जा रही है। राज्य गठन के समय वाणिज्य कर विभाग का राजस्व संग्रह मात्र 160 करोड़ का था जो आज बढ़कर 6000 करोड़ का हो गया है। यह बढ़ोतरी व्यापारियों की मेहनत और ईमानदारी का ही परिणाम है। इसके बावजूद यदि टैक्स बढ़ाने की कोशिश की गई तो वह व्यापारियों के उत्पीड़न की श्रेणी में आएगा। प्रदर्शन में व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष शमशेर महर, महामंत्री जनक जोशी, कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश मखौलिया, स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष हरीश लाल चौधरी, व्यापारी नेता संतोष बिष्ट आदि थे।