नाचनी के नया बस्ती के पास चेतावनी बोर्ड में पेटिंग करता पेंटर
- फोटो : अमर उजाला
नया बस्ती से हरड़िया तक 300 मीटर हिस्से पर कई सालों से भूस्खलन हो रहा है। यहां सड़क पर गड्ढे हो गए हैं और दीवारें गिरी हैं। जर्जर सड़क से वाहन गुजरते हैं, जिससे वहां अक्सर हादसे का खतरा रहता है। सड़क पर अगस्त 2017 से सुधार कार्य नहीं हुआ है। कुछ दिन पहले नया बस्ती में चेतावनी बोर्ड अवश्य लगा दिया गया है, इसमें लोगों से इस क्षेत्र में सावधानी से चलने की अपील की गई है।
वहीं, सड़क बंद होने पर डीएम, आपदा प्रबंधन, लोनिवि के अभियंताओं से संपर्क करने की अपील की गई है। बोर्ड में संबंधित अधिकारियों के फोन नंबर भी दिए गए हैं, लेकिन सड़क मरम्मत के स्थान पर चेतावनी बोर्ड लगाने से लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि प्रशासन और लोनिवि लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है। सड़क की मरम्मत न होने से क्षेत्र के लोगों के साथ बाहर से आने वाले सैलानियों के साथ खिलवाड़ है। इसी रूट से हर साल हजारों की संख्या में सैलानी मुनस्यारी जाते हैं। हर बरसात में सड़क बाधित होती है, लेकिन विभाग और प्रशासन सड़क की दशा सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाता।
लोनिवि के अवर अभियंता योगेंद्र चौबे से सुधार कार्य न होने के विषय में पूछा गया तो उनका कहना था कि आपदा मद में 15 लाख रुपये का नया बस्ती, हरड़िया और 25 लाख रुपये का प्रस्ताव रातीगाड़ के लिए दिया गया था, लेकिन धन नहीं मिला। दोबारा प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया है। धन न होने से सड़क की मरम्मत नहीं हो पा रही है।