बर्फ बारी के बाद मुनस्यारी के खलियाटाप का नजारा।
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। दो दिन पहले हुई बर्फबारी से पर्यटन व्यवसायियों को कारोबार बढ़ने की आस है। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के कारण पर्यटक नहीं आ सके। इससे करीब चार करोड़ रुपये का पर्यटन कारोबार प्रभावित हुआ है। करीब 350 लोगों की नौकरियां कोरोना महामारी की भेंट चढ़ गईं थीं लेकिन 31 दिसंबर को क्षेत्र के करीब 50 होटलों में 95 फीसदी बुकिंग रही, लेकिन इसके बाद फिर से सुनसानी छा गई थी।
दो दिन पहले हुई बर्फबारी से कारोबारियों का उत्साह बढ़ा है। टूर ऑपरेटर बीरू बुग्याल का कहना है कि बर्फबारी के कारण यहां पर्यटकों के आने की उम्मीद है। अधिक पर्यटकों के आने से रोजगार भी बढ़ सकता है। मोनाल संस्था के सचिव सुरेंद्र पंवार ने बताया कि खलिया और बेटुलीधार में स्कीइंग कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।