बौराणी मेला बुधवार से शुरू होगा। मुख्यमंत्री हरीश रावत दोपहर 12 बजे बौराणी पहुंचकर मेले का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के हेलीकाप्टर को उतरने के लिए चाक गांव में हेलीपैड तैयार कर लिया गया है। पहली बार मेले के उद्घाटन के लिए सीएम का कार्यक्रम तय हो जाने से आयोजन समिति के लोग बेहद उत्साह में हैं।
विधायक नारायण राम आर्य, एसडीएम प्रमोद कुमार और मेला समिति के अध्यक्ष राजेंद्र बोरा ने मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारी को अंतिम रूप दिया। श्री बोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री को हेलीपैड से सैम मंदिर तक ढोल नगाड़ों के साथ लाया जाएगा। वहीं पर वह सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। उसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री करीब दो घंटे तक मेला स्थल पर रहेंगे। पूरे इलाके में सीएम के दौरे को लेकर भारी उत्साह का माहौल है। बौराणी मेले का मुख्य आकर्षण आधी रात के बाद निकलने वाली 30 फीट की मशाल होती है। यह मशाल पुलई चापड़ गांव से मंदिर तक लाई जाती है। आज बागेश्वर के एसपी एनएस नपलच्याल ने मौका मुआयना किया। उन्होंने सीएम के दौरे के समय सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। जिला मुख्यालय से भी कई अधिकारी मेले की व्यवस्था देखने के लिए पहुंच गए हैं।