जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने 2013 की आपदा के बाद धारचूला और मुनस्यारी तहसील में जिन लोगों को भवन निर्माण के लिए राज्य आपदा प्रतिपादन निधि तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से धनराशि दी गई थी उनमें से 52 लोगों को मंगलवार को नोटिस जारी कर दिया है। इन लोगों ने भवन निर्माण के लिए पैसा तो प्राप्त कर लिया लेकिन भवनों का निर्माण पूरा नहीं किया है। अब इन लोगों से धन की वसूली की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि इन 52 लोगों ने भवन बनाने के नाम पर 3.5 लाख से लेकर 4.5 लाख रुपये तक की राशि प्राप्त कर ली है। अभी तक भवन का काम पूरा नहीं हुआ है। डीएम ने बताया कि आपदा प्रभावित क्षेत्र में कुल 652 भवनों के लिए धनराशि मंजूर हुई। इनमें से अधिकांश ने भवन बना लिए हैं। जिन लोगों के भवन पूरे नहीं हुए हैं उनसे अब वसूली की जाएगी। डीएम ने बताया कि जो भवन पूर्ण हो गए हैं उनका राज्य सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का प्राकृतिक आपदा सुरक्षा बीमा कराया जाएगा। डीएम ने यह भी बताया कि धारचूला तहसील में चार लोगों ने भवन का निर्माण कार्य शुरू न कर पाने के कारण पहले ही प्रथम किश्त के तौर पर मिली धनराशि वापस कर दी थी।