बस्तड़ी की आपदा ने जिस तरह पूरे देश को हिलाया था उसे देखकर ऐसा लगता था कि शायद बस्तड़ी के लोग कभी भी इस संकट से नहीं उबर पाएंगे, लेकिन बस्तड़ी के लोगों ने पूरी दुनिया के सामने मिसाल पेश की है। बस्तड़ी के लोगों ने नया बस्तड़ी बसाने के लिए जो संकल्प लिया, उसमें डीडीहाट के व्यापारी भी जुड़ने लगे हैं। डीडीहाट के व्यापारियों का कहना है कि आपदाओं से लड़ने के इस जज्बे की सराहना होनी चाहिए। व्यापारियों ने कहा कि वह बस्तड़ी को बसाने में अपनी ओर से पूरा सहयोग देंगे। वह हर जरूरत में बस्तड़ी के लोगों के साथ हैं।
बस्तड़ी फिर से जरूर बसेगा
नगर के व्यवसायी दीवान सिंह का कहना है कि बस्तड़ी जरूर बसेगा। वह कहते हैं कि लोगों ने जिस इच्छाशक्ति के साथ कदम बढ़ाए हैं, उससे लगता है कि जल्द ही हम एक नए बस्तड़ी का चित्र भी देखेंगे। लोगों को चाहिए कि वह पुराने बस्तड़ी को भूल जाएं और कोशिश करें कि नया बस्तड़ी आदर्श रूप में सामने आए।
हर मदद के लिए रहेंगे तैयार
व्यवसायी अमरनाथ नेगी ने कहा कि बस्तड़ी के लोगों की हर मदद को तैयार रहेंगे। नया बस्तड़ी बसाने में कुछ अड़चनें सामने आ सकती हैं, लेकिन जिस साहस के साथ लोग आगे बढ़ रहे हैं, उससे लगता है कि वह अड़चनें दूर होंगी। उन्होंने कहा कि यदि बस्तड़ी के लोग खुद ही साहस नहीं करते तो अन्य लोग कैसे मदद करते।
लोगों ने आपदा को हराया
व्यवसायी होशियार सिंह का कहना है कि दुनिया में ऐसे उदाहरण बहुत कम देखने को आते हैं कि जब आपदा से टूटे हुए लोग फिर से अपने पांवों में खड़े होने का साहस करें। बस्तड़ी के लोगों ने आपदा को हराया है। बस्तड़ी नए सिरे से बसेगा। उस दिशा में काम होने लगे हैं। आने वाले समय में नया बस्तड़ी में सुविधाएं जुटाने में मदद करेंगे।
अमर उजाला की मुहिम से मिली ताकत
व्यापारी आन सिंह चौहान का कहना है कि बस्तड़ी के लोगों की मदद के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की मुहिम बेहद सराहनीय है। उम्मीद है कि बस्तड़ी के लोगों का दर्द इस मुहिम से कम होगा। वह कहते हैं कि मदद उसी को मिलती है जो खुद भी आगे बढ़ने का हौसला रखे।