मदकोट में खाई की तरफ लटका बीआरओ का ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
देवीबगड़ से ट्रक पर 40 मजदूरों को भरकर भदेली को जा रहा सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) का एक ट्रक की सोमवार की सुबह आठ बजे मदकोट बाजार से 300 मीटर दूर भकुना नामक स्थान पर असंतुलित होकर सड़क के किनारे खाई की तरफ लटक गया। ट्रक में सवार सभी मजदूरों ने जान बचाने के लिए छलांग दी। छलांग लगाने के दौरान दो महिलाओं समेत तीन मजदूरों को चोट आ गई। यदि चालक गंगा सिंह ने सूझबूझ का परिचय नहीं दिया होता तो बड़ा हादसा हो जाता। घटना की जानकारी मिलते ही बीआरओ के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
बताया गया है कि रोज की तरह सोमवार की सुबह देवीबगड़ स्थित कैंप से मजदूर इस ट्रक पर बैठकर भदेली की ओर रवाना हुए थे। 20 मिनट बाद ही ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई की तरफ लटक गया। इससे ट्रक पर सवार मजदूरों में हड़कंप मच गया और ट्रक के खाई की तरफ गिरने की आशंका में सभी ने एक एक कर छलांग लगा दी। छलांग लगाते समय मजदूर तारा देवी, जानकी देवी और खीम राम को गंभीर चोट आ गई। कुछ अन्य मजदूरों को भी हल्की चोटें आई हैं।
बताया गया है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई वहां पर रोड काफी खराब है। बताया जा रहा है घटना के दौरान चालक गंगा सिंह ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बड़ा हादसा होने से बचा लिया। मदकोट-मुनस्यारी सड़क की देखरेख का काम बीआरओ के पास ही है। बीआरओ के अवर अभियंता जेपी डिमरी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस घटना से यातायात प्रभावित नहीं हुआ। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सड़क के किनारे खाई की तरफ लटके ट्रक को बाद में जेसीबी की मदद से सड़क पर लाया गया।