नेपाल के अधिकारियों ने लिया जायजा
- फोटो : अमर उजाला
जौलजीबी में महाकाली पर बने अंतरराष्ट्रीय झूलापुल की मरम्मत का काम जल्द शुरू होगा। पुल के एक हिस्से की दीवार शनिवार सुबह टूटकर गिर गई थी। उसके बाद से पुल पर आवागमन बंद किया गया है। शनिवार देर शाम जौलजीबी पहुंचे डीएम एचसी सेमवाल ने नेपाल के अधिकारियों से कहा कि पुल की मरम्मत में जिस तरह के सहयोग की जरूरत होगी, वह दी जाएगी। नेपाल लोनिवि के अधिशासी अभियंता एसके साहा ने मौका मुआयना करने के बाद कहा कि जिस स्थान पर दीवार टूटी है, वहां पर नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। यह कोशिश की जाएगी कि दोबारा इस तरह की नौबत न आए।
डीएम ने कहा कि इस पुल का लाभ नेपाल के लोगों को ज्यादा मिलता है, क्योंकि वहां के कई गांवों के बच्चे जौलजीबी पढ़ने आते हैं। इसके अलावा सामान की खरीदारी के लिए भी नेपाल के गांवों से लोग जौलजीबी आते हैं। नेपाल के इंजीनियरों ने कहा कि मरम्मत का काम जल्दी किया जाएगा। इससे पहले धारचूला के एसडीएम एसके पांडे, तहसीलदार आईबी मल्ल, लोनिवि के इंजीनियरों, एसएसबी के अधिकारियों ने पुल का निरीक्षण किया।
पुल के एक तरफ की दीवार टूटने से पुल पर चलना खतरनाक हो गया है। इस कारण फिलहाल पुल से आवागमन बंद कर दिया है। अपर जिलाधिकारी मोहम्मद नासिर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डा. आरएस राणा आदि ने भी पुल की स्थिति का जायजा लिया।