भगुना के पास ब्रेक फेल होने के बाद पलटी 108 एंबुलेंस। संवाद
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मदकोट भटकुड़ा से डायरिया पीड़ित व्यक्ति को लेकर मुनस्यारी अस्पताल आ रही 108 एंबुलेंस का भगुना के पास ब्रेक फेल हो गया। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया।
शनिवार को 108 एंबुलेंस डायरिया पीड़ित भटकूड़ा निवासी प्रेम सिंह (79) को मुनस्यारी अस्पताल लेकर जा रही थी। भटकूड़ा से आठ किमी आगे भगुना के पास एंबुलेंस का ब्रेक फेल हो गया। हादसे में डायरिया पीड़ित प्रेम सिंह की बेटी अनीता दानू, ईएमटी गौरव मर्तोलिया, एंबुलेंस चालक करन सिंह सहित दो अन्य महिलाएं घायल हो गईं। सभी को हल्की-फुल्की चोटे आई हैं।
मदकोट पीएचसी में घायलों का प्राथमिक इलाज करने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी। डायरिया पीड़ित व्यक्ति को पिथौरागढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है। परिजन उन्हें निजी वाहन से पिथौरागढ़ पहुंचा दिया है। उनके स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है।
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
मुनस्यारी( पिथौरागढ़)। मरीज को लेकर अस्पताल जा रही 108 एंबुलेंस का ब्रेक फेल होने के बाद चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया। चालक को एंबुलेंस का ब्रेक फेल होने का पता चलने पर उसने एंबुलेंस को पहाड़ी की तरफ सुरक्षित जगह पर मोड़ दिया और एंबुलेंस पहाड़ी से टकराकर सड़क पर पलट गई । संवाद