विश्व पुलिस गेम्स में देश के लिए बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाली कमला बिष्ट का सोमवार को नगरपालिका हाल में तमाम सामाजिक संगठनों ने अभिनंदन किया। सम्मान से अभिभूत कमला ने कहा कि लोगों के स्नेह से ही उसने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में विश्व स्तर की अन्य प्रतियोगिताओं में भी लगातार हिस्सा लेंगी। कमला जिला मुख्यालय से सटे कुसौली गांव की रहने वाली हैं। वह इन दिनों अपने गृह क्षेत्र आई हैं।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए डा. गुरुकुलानंद कच्चाहारी ने कहा कि कमला ने देश के साथ ही जिले को भी सम्मान दिया। व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर ने कहा कि कमला की उपलब्धि से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। अधिवक्ता संस्था के अध्यक्ष मोहन चंद्र भट्ट ने कहा कि यह पूरे उत्तराखंड के लिए हर्ष का विषय है। समारोह का संचालन जुगल किशोर पांडे ने किया। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री ललित पंत, मनोज सामंत, इंद्र लुंठी, महेश पाठक, कर्मचारी नेता दिनेश गुरुरानी, भाकपा माले के गोविंद कफलिया, आप के गोविंद बिष्ट, समाजसेवी मोहन रावत, सभासद भुवन जोशी आदि थे। कमला के कोच किशन महर और प्रकाश थापा को भी सम्मानित किया गया।