पिथौरागढ़ के होनहार बॉक्सर कवींद्र सिंह बिष्ट बैंकाक (थाइलैंड) में चल रही एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गए हैं। प्रतियोगिता का समापन 27 अप्रैल को होना है।
जिला क्रीड़ाधिकारी संजीव कुमार पौरी ने बताया कि देश का प्रतिनिधित्व करते हुए कवींद्र ने सेमीफाइनल मुकाबले के 56 किलो भारवर्ग में मंगोलिया के मुक्केबाज अमर खाखू को पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। 26 अप्रैल को उज्बेकिस्तान और फिलीपींस के मुक्केबाजों के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना है। उक्त मुकाबले के विजेता मुक्केबाज से कवींद्र खिताबी मुकाबले में भिड़ेंगे। कवींद्र सिंह बिष्ट मूल रूप में पिथौरागढ़ शहर के रई के रहने वाले हैं। श्री बिष्ट ने अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज कैप्टन धरम चंद से बॉक्सिंग की बारीकियां सीखी। वर्तमान में बिष्ट भारतीय वायु सेना में कार्यरत हैं।
कवींद्र अब तक कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। बिष्ट के एशियन चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने पर जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, मुख्य विकास अधिकारी वंदना, कैप्टन हरि सिंह थापा, अर्जुन अवार्डी कैप्टन हरि दत्त कापड़ी, प्रोफेसर जीत सिंह ज्याला, स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा, अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रशिक्षक भाष्कर चंद्र भट्ट, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष कैप्टन धरम चंद, कैप्टन देवी चंद, बहादुर सिंह बोहरा, प्रकाश जंग थापा, सूबेदार प्रेम टम्टा, जनार्दन सिंह वल्दिया, अजय राठौर, जनार्दन उप्रेती, जोगेंद्र बोरा, चंद्रशेखर महर ने खुशी प्रकट करते हुए शुभकामना दी है।