थल/नाचनी/अस्कोट(पिथौरागढ़)। अठखेत गांव में जंगली सुअरों के आतंक से लोग परेशान हैं। सुअरों का झुंड धान की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अठखेत के कौशल सिंह भैसोड़ा,राजेंद्र सिंह भैसोड़ा, निर्मल सिंह भैसोड़ा, पवन सिंह भैसोड़ा ने बताया कि सुअरों ने धान की 50 नाली खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि यदि सुअरों से निजात नहीं दिलाई गई तो पूरी फसल पकने से पहले ही बर्बाद हो जाएगी। क्षेत्र के ग्रामीणों ने कृषि विभाग से जंगली सुअरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं नाचनी क्षेत्र में नाचनी, नापड़, खतेडा, मल्ला भैसकोट, चामी, बासनी, भैंसखाल, बोरागांव, मोडम, राथी,देकुना, रायां, बजेता, कोटा, पन्द्रहपाला, रिगुनिया आदि गांवों में किसानों की फसलें जंगली सुअरों ने तहस-नहस कर दी है।
किसान खड़क सिंह, त्रिलोक सामंत, खुशाल सिंह, गंगा सिंह, केदार सिंह आदि किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
उधर अस्कोट में भी सुअरों ने फसलों को पूरी तरह से चौपट कर दिया है। खोलियागांव में प्रेम पाल और गोविंद पाल के खेतों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया है। मौचोरा और धौलकोट में भी यही हालात हैं। किसानों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है।