चंपावत। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसके अलावा अस्पताल के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। शिविर में 30 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता के लिए योगदान दिया। सभी रक्तदाताओं को उनके योगदान के लिए प्रमाणपत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।
रविवार को आयोजित शिविर का शुभारंभ जिला जज अनुज कुमार संगल ने किया। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निहारिका मित्तल ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। लोगों को स्वेच्छा से इसके लिए आगे आना चाहिए। सिविल जज रश्मि गोयल ने रक्तदान को एक सुखद और मानवता सेवा से जुड़ा कार्य बताया।
एसएसबी के कमांडेंट डॉ. विशाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। कहा कि यह दिवस रक्त समूह प्रणाली की खोज करने वाले वैज्ञानिक डॉ. कार्ल लैंडस्टीनर के सम्मान में मनाया जाता है।
ब्लड बैंक की काउंसलर सावित्री राय ने भी कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए रक्तदान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सफल संचालन रक्त केंद्र प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ त्यागी के नेतृत्व में किया गया। शिविर का आयोजन चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरांग जोशी के सहयोग से किया गया। यहां निश्चेतक चिकित्सक डॉ. मनोज सिंह कुंवर, नर्सिंग अधिकारी जीवन थापा, लैब टेक्नीशियन मेघा तिवारी, मनोज मेहता और कमला अधिकारी आदि मौजूद थे।
36वीं बटालियन के जवानों ने भी किया रक्तदान
विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर में आईटीबीपी की 36वीं बटालियन लोहाघाट के जवान पहुंचे। डॉ. शुभम के नेतृत्व में जवानों ने रक्तदान किया। स्वेच्छा से रक्तदान कर जवानों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मानवता का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने अन्य लोगों को भी इस महादान के लिए प्रेरित किया। यहां डॉ. शुभम, डॉ. सेरी खान, सुशील सिंह, प्रदीप और इमरान समेत कुल 10 जवान मौजूद थे।