पिथौरागढ़। जिला अस्पताल में पहुंची कंपोनेंट मशीन इंस्टाल नहीं हो सकी है। इस मशीन को इंस्टाल होने में एक सप्ताह से अधिक का समय लग सकता है। इसको इंस्टाल करने के लिए अंबाला और बंगलूरू से दो इंजीनियर आने हैं, वह दोनों कोरोना के डर से मशीन को इंस्टाल करने नहीं आ पा रहे हैं।
सीमांत जिले में प्रवेश से पूर्व बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों को आरटीपीसीआर रिपोर्ट लेकर आना है, जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में अगस्त 2020 में 16.4 लाख रुपये की लागत से प्लाज्मा कंपोनेंट यूनिट (पीसीयू) का निर्माण किया गया है। भवन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। 22 मई को पीसीयू पहुंच गई थी, मशीन पहुंचने के बाद लोगों को उम्मीदें थी कि जल्द ही पीसीयू शुरू हो जाएगी।
मशीन को इंस्टाल करने के लिए अंबाला और दक्षिण भारत से दो इंजीनियरों को आना है। स्वास्थ्य विभाग कंपनी से लगातार बात कर रहा है, लेकिन कंपनी के इंजीनियर कोरोना के डर से आने को मना कर रहे हैं। जिले में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आरटीपीआर निगेटिव रिपोर्ट लेकर आना है। आरटीपीआर रिपोर्ट में देरी के कारण इंजीनियर भी नहीं आ पा रहे हैं। मई अंतिम तक मशीन इंस्टाल होने की उम्मीद है।
प्लाज्मा कंपोनेंट मशीन अस्पताल पहुंच गई है। मशीन को इंस्टाल करने के लिए इंजीनियर नहीं आ पाए हैं। इस कारण यूनिट को शुरू करने में देरी हो रही है। प्लाज्मा यूनिट के लाइसेंस के लिए टीम निरीक्षण करने आनी है, जिससे देरी हो रही है।
- डॉ. नरेंद्र शर्मा, ब्लड बैंक प्रभारी, जिला अस्पताल, पिथौरागढ़।