फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट जीवनरक्षक का काम करेगा : सीएम

Thu, 20 Aug 2026 11:04 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
चंपावत। जिला अस्पताल में करीब 50 लाख रुपये की लागत से बनी ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से यूनिट का उद्घाटन करते हुए कहा कि यूनिट जीवनरक्षक का काम करेगा। यह इकाई आपातकालीन उपचार व्यवस्था को मजबूत करेगी और स्थानीय स्तर पर रक्त के आवश्यक घटक उपलब्ध कराएगी।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री की ओर से दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय के साथ अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने फीता काटकर यूनिट का शुभारंभ किया। इस सुविधा से दुर्घटना, प्रसव, सर्जरी और गंभीर मरीजों को त्वरित लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा जिले में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है क्योंकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक समय पर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। यह कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़ और रुद्रपुर के बाद चंपावत जिला अस्पताल में ऐसी तीसरी सुविधा है।
विज्ञापन

जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक विकसित किया गया है। सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी जारी है। सरकार जिले के समग्र विकास कर उसे एक आदर्श जिले के रूप में विकसित करना चाहती है।

इकाई की कार्यप्रणाली और लाभ
यह यूनिट दान किए गए रक्त को उसके प्रमुख घटकों पैक्ड रेड ब्लड सेल्स, प्लाज्मा और प्लेटलेट्स में अलग करेगी। मरीज की चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार संबंधित रक्त घटक उपलब्ध कराया जाएगा। इससे रक्त का अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक और जरूरत के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित होगा। एक यूनिट रक्त से अलग-अलग जरूरतमंद मरीजों को लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।
-
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड नए आयाम स्थापित कर रहा है
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार ने चंपावत को आदर्श जिला बनाने का संकल्प लिया है। आधुनिक पार्किंग, सिटी ड्रेनेज सिस्टम, भूमिगत विद्युत लाइन, बेहतर पेयजल व्यवस्था, साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं चंपावत के विकास को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि चंपावत विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में पूरे उत्तराखंड के लिए एक आदर्श मॉडल बने।

ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट जिले में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस सुविधा से सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को विशेष राहत मिलेगी। उन्हें आवश्यक रक्त घटक के लिए अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की आवश्यकता कम होगी। -डॉ. देवेश चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी, चंपावत
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें