पुलिस क्षेत्राधिकारी जीएल कोहली ने बैठक में कहा कि दहशत फैलाने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि खनन के नाम कई बाहरी लोग पिछले दिनों क्षेत्र में घुस आए थे। इस मामले में लोगों ने जिस तरह की एकजुटता दिखाई उससे इन लोगों को पकड़ने में पुलिस को कामयाबी मिली।
उन्होंने कहा कि खनन को लेकर लोगों को धमकाने आए 68 लोगों को अल्मोड़ा जेल भेजा गया और एक के खिलाफ आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई। बैठक में मौजूद व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत किया। लोगों ने बेड़ीनाग की बेलगाम हो रही ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और इसमें सुधार लाने को कहा। सीओ ने बताया कि त्रिफुुरादेवी से एक बाईपास रोड तैयार होने वाली है। इसके बाद ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार आ जाएगा। संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष इंद्र सिंह धानिक, किशन पंत, महेश पंत, देवसिंह गैड़ा, मनीष पंत आदि थे। वहीं, बेड़ीनाग और राईआगर में मंगलवार को शांति का माहौल रहा। खनन को लेकर यहां पहुंचे सभी लोगों के जेल चले जाने के बाद शांति बनी है। अलबत्ता पुलिस सारी स्थिति पर नजर रख रही है।