धारचूला में तिरंगा यात्रा निकालते भाजपा कार्यकर्ता। संवाद
धारचूला (पिथौरागढ़)। ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में तिरंगा यात्रा निकालकर सेना के अदम्य साहस को नमन किया।
मंडल अध्यक्ष कैलाश सिंह धामी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा ब्लॉक सभागार से आंबेडकर पार्क, विवेकानंद, गांधी चौक होते हुए लोनिवि विश्राम गृह पहुंची। यहां दायित्वधारी गणेश भंडारी ने कहा कि सेना के साहस को पूरा देश नमन कर रहा है। भारत सरकार की दृढ़ इच्छा शक्ति और सेना के शौर्य ने पाकिस्तान में बैठे आतंकवादियों और वहां की सेना को भारत की शक्ति का एहसास करा दिया है।
दायित्वधारी अशोक सिंह नबियाल ने कहा कि पाकिस्तान को घर में घुसकर उसको सबक सिखाया गया है। कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी समाप्त नहीं हुआ है। भारत के खिलाफ उठने वाली हर आवाज को घर में घुसकर कुचल दिया जाएगा। इस दौरान भारतीय सेना जिंदाबाद के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। यहां बेला शर्मा, शकुंतला आगरी, लीला कुंवर, इंदर लुंठी, दुर्गा बिष्ट, हरीश धामी, भूपाल बहादुर, कृष्णा गर्ब्याल, गोपाल सिंह, हरक सिंह, मोहन बहादुर आदि मौजूद रहे। संवाद