पिथौरागढ़। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को डीएम कार्यालय के सामने धरना दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश जोशी के नेतृत्व में आयोजित धरने के दौरान कहा गया कि जिले की कानून व्यवस्था लगातार खराब हो रही है। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर आम लोग परेशान हैं। प्रशासन पर निरंकुश होने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि जिले का छोटा अधिकारी भी जनता की समस्याओं को नहीं सुन रहा है।
श्री जोशी ने कहा कि जिले में अवैध खनन, शराबखोरी, जमाखोरी और सट्टेबाजी का धंधा जोरों पर है लेकिन इसे पकड़ने की किसी को चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता इतनी खराब है कि उन पर वाहन चलाने से भी लोग डर रहे हैं। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा ने कहा कि बारिश से पहले आई आपदा के समय प्रशासन की तैयारी का पता चल गया है।
बाद में जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने धरनास्थल पर पहुंचकर आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का एक महीने में समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो मुद्दे उठाए गए हैं उन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया का कहना है कि इस धरने से जिला कार्यकारिणी का कोई ताल्लुक नहीं है। यह पार्टी का कार्यक्रम नहीं है।
धरने पर पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत, सांसद प्रतिनिधि गणेश भंडारी, मनोज सामंत, गोलू पाठक, डीके देवलाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष इंदर लुंठी, अभिमन्यु खत्री, बीडी पंत, कैलाश उप्रेती, बसंत वर्मा, सत्यप्रकाश यादव, सुभाष जोशी, गंगोत्री दताल, हेमा थलाल, रेखा चंद, रवि लुंठी, कुलोमणि पंत, दिवाकर जोशी, टायगर खड़ायत, मोहन भट्ट समेत तमाम कार्यकर्ता थे।