टनकपुर (चंपावत)। वार्ड संख्या तीन में भाजपा ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष कोमल गिरी को बृहस्पतिवार रात घर में सांप ने डस लिया। उन्हें तत्काल उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
कोमल गिरी (40) बृहस्पतिवार रात अपने घर के फर्श पर सो रही थीं जब करीब ढाई बजे सांप ने उनके दाएं पैर की अंगुली में डस लिया। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉ. ज्ञानेश्वर यादव ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया। रातभर उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ। कोमल गिरी की चार पुत्रियां हैं। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर समेत कई भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना।