धारचूला (पिथौरागढ़)। आदि कैलाश क्षेत्र में अल्ट्रा मैराथन के साथ साइकिलें भी दौड़ीं। गुंजी से माउंटेन टेरेन बाइकिंग का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी और दायित्वधारी अशोक नबियाल ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया।
सोमवार को 10,500 फीट की ऊंचाई पर गुंजी से 50 और 25 किलोमीटर की साइकिलिंग हुई। इसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागी आदि कैलाश क्षेत्र में साइकिल दौड़ाते हुए रोमांचित हो उठे। गीता धामी ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक करन थापा ने किया। यहां सांसद प्रतिनिधि महेंद्र सिंह बुदियाल, गुंजी के पूर्व प्रधान सुरेश गुंज्याल, सरपंच लक्ष्मी गुंज्याल आदि मौजूद रहे। गुंजी की प्रधान विमला गुंज्याल ने कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र में साहसिक पर्यटन के नए द्वार खोलेंगे। इससे क्षेत्र को नई पहचान मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।