पाटी (चंपावत)। पाटी ब्लॉक की ग्राम पंचायत भिंगराड़ा में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पिछले छह वर्षों से बंद है। इससे क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसरों से वंचित होना पड़ रहा है।
वर्ष 2019 में कोरोना काल के दौरान इसका संचालन ठप हो गया था। संस्थान की स्थापना वर्ष 2015 में हुई थी, जहां दर्जनों गांवों के छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त करते थे। आईटीआई भवन का समस्त सामान खेतीखान आईटीआई में स्थानांतरित कर दिया गया है। अब छात्रों को तकनीकी शिक्षा के लिए 30 किलोमीटर दूर खेतीखान या 60 किलोमीटर दूर चंपावत जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से आईटीआई का संचालन फिर से शुरू करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि नए शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं शुरू न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
-
कोरोना काल के दौरान पर्याप्त प्रवेश नहीं मिलने के कारण भिंगराड़ा आईटीआई का संचालन बंद कर दिया गया था। शैक्षणिक सत्र में अक्तूबर-नवंबर 2026 से आईटीआई का संचालन फिर से शुरू कर नए प्रवेश लिए जाएंगे।
उमा जोशी, प्रधानाचार्य, आईटीआई, खेतीखान
-
पिछले पांच वर्षों से भिंगराड़ा में आईटीआई का संचालन बंद होने के कारण क्षेत्र के युवाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के लिए उन्हें खेतीखान, चंपावत और खटीमा जैसे दूरस्थ स्थानों में जाना पड़ रहा है। भिंगराड़ा आईटीआई का संचालन जल्द शुरू किया जाना चाहिए।
- धीरज भट्ट।
-
भिंगराड़ा में आईटीआई संचालन के लिए शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया गया। अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। आईटीआई का संचालन शुरू होने से पाटी ब्लॉक के कई गांवों के युवाओं को तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा। क्षेत्र से हो रहे पलायन पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी।
दीपक शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता
-