बैठकी होली में होली गायन करतीं महिलाएं।
- फोटो : पिथौरागढ़
सीमांत जिले में होली चरम पर पहुंच गई है। गांव-गांव में होली गायन की धूम मची हुई है। जिला मुख्यालय में नगरपालिका के तत्वावधान में होली महोत्सव शुरू हो गया है।
रामलीला मैदान सदर में होली महोत्सव की विधिवत शुरुआत की गई। पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत और रामलीला प्रबंधकारिणी सीमिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह माहरा ने महोत्सव का उद्घाटन किया। महोत्सव में जिला मुख्यालय के विभिन्न गांवों के होली दल होली गीत प्रस्तुत कर रहे हैं। होली दलों ने ‘भज ले रघुनंदन जनक लली, झुकि आयो शहर में व्योपारी’, ‘मेरो कांसा देवर घर आ रयोछ’ आदि विभिन्न होली गीतों से साथ खड़ी होली प्रस्तुत की। काली कुमाऊं के होली दल ने नगर के गांधी चौक में होली गायन किया।
चंडाक के नाकोट गांव में होली की धूम मची हुई है। होली दल घर-घर जाकर होली गायन कर रहा है। आठगांवशिलिंग में भी होली की धूम मची हुई है। नगर के तपोवन विद्यास्थली में प्रबंधक मनोज कुमार जोशी के नेतृत्व में खड़ी होली का आयोजन किया गया। उधर, गणाईगंगोली में भी होली की धूम मची हुई है। महिलाओं ने विल्खेश्वर महादेव मंदिर में होली गायन किया। गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, नाचनी क्षेत्र में भी गांव-गांव होली गायन किया जा रहा है।