एक वर्ष पूर्व आज ही के दिन हल्द्वानी में एक विवाह समारोह में शामिल होने गई लाडली की दुराचार के बाद हत्या किए जाने से लोग आज भी दुखी हैं। लाडली की पहली पुण्यतिथि पर शुक्रवार को गांधी चौक में श्रद्धांजलि सभा में सीमांत यूथ मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाज से इस तरह की दरिंदगी को समाप्त करने के लिए अभियान जारी रखने की जरूरत है। उन्होंने लाडली के हत्यारों को फांसी देने की मांग की।
सीमांत यूथ मोर्चा के संयोजक सुशील खत्री के नेतृत्व में एकत्रित नौजवानों ने कहा कि बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष रखा जाएगा। अपील की गई कि समाज के हर व्यक्ति को इस मामले में जागरूक किया जाए। लाडली कांड को वीभत्स कांड की संज्ञा देते हुए कहा गया कि भविष्य में अन्य किसी बेटी के साथ इस तरह की हरकत न हो, सरकार को सख्त कदम उठाने होंगे। इस दौरान राकेश वर्मा, लक्ष्मण नयाल, महेंद्र रावत, हिमांशी, आस्था, रवि वल्दिया, सोनाली चंद, आशीष, हर्ष पुनेठा, विजय शर्मा, मोहम्मद आदिल, अजीम राइन, दीपक खन्ना, अनिल खत्री, व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर आदि उपस्थित थे।