जौलजीबी मेला एवं विकास प्रदर्शनी में सांस्कृतिक कलाकारों ने जमकर धमाल मचाया। देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। दिन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले स्कूली बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया।
शुक्रवार रात चार टीमों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जय छिपला केदार गलाती, टीम लीडर हरीश के नेतृत्व में गायिका अर्चना ने बेडू पाको बारमास गीत गाया। इसके अलावा रंगीलो ज्वार बर्फिलो हिमाल की टीम, आनंद म्यूजिकल ग्रुप ने टीम लीडर कमल नयन टीम लीडर, नेहरू युवा सांस्कृतिक केंद्र अल्मोड़ा की टीमों के कलाकारों के गीतों की प्रस्तुति पर भी दर्शक थिरक उठे। शनिवार को विद्यालयी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया।
प्रथम स्थान पर रहे राबाइंका धारचूला को 11 हजार, विवेकानंद विद्या मंदिर धारचूला को नौ हजार, एंजल कान्वेंट स्कूल धारचूला को सात हजार, मल्लिकार्जुन पब्लिक स्कूल धारचूला को पांच हजार और पंचम स्थान पर रहे राइंका बलुवाकोट को तीन हजार रुपये की पुरस्कार राशि मेला समिति की ओर से दी गई।
पुरस्कार मुख्य शिक्षा अधिकारी पिथौरागढ़ विनोद प्रसाद सिमल्टी, एसडीएम धारचूला आरके पांडेय, खंड शिक्षाधिकारी धारचूला राम सिंह ऐरी की ओर से दी गई। संचालन लक्ष्मण सिंह बिष्ट, शंकर दत्त भट्ट, करन सिंह थापा, गणेश मर्तोलिया ने किया। निर्णायकों में आरडी जोशी, शोध छात्र शुभम भट्ट, एमआर लोहिया, पूर्व प्रमुख बीडी जोशी, जिपं सदस्य दीपक जोशी, शकुंतला दताल, लीला बनंग्याल आदि थे।