बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। दीपावली के दौरान नगर में यातायात व्यवस्था, आतिशबाजी की बिक्री, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस ने जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों के साथ बैठक की।
बेड़ीनाग कोतवाली में हुई बैठक में निर्णय लिया कि बाजार में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और उसे जीरो जोन बनाया जाएगा। वहीं जवाहर चौक और गणेश चौक से आगे सिर्फ बाजार से भारी सामान लाने वाले के लिए टोकन दिया जाएगा। दो पहिया वाहन भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेंगे। कोतवाल नरेश कुमार गंगवार ने कहा कि बिना लाइसेंस आतिशबाजी की सामग्री के भंडारण और बिक्री प्रतिबंध रहेगा।
पुराना बाजार में रामलीला मैदान के पास निर्धारित सुरक्षा मानकों के साथ पटाखे बेचे जाएंगे। कहा कि दीपावली के नाम पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष हेमा पंत, व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत, एसआई शांति प्रकाश, मनीष पंत, हेम उप्रेती आदि मौजूद रहे।