बेड़ीनाग के बेलकोट में आग से खाक हुआ मकान।
- फोटो : PITHORAGARH
विकास खंड के बेलकोट गांव में आग से दोमंजिला मकान जल गया। मकान से धुआं उठता देख लोग आग बुझाने को दौड़े। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बृहस्पतिवार दोपहर को पटवारी क्षेत्र उप्राड़ा के बेलकोट में प्रेम राम के के दो मंजिले मकान में आग लग गई। हादसे के वक्त प्रेम राम खेत में काम कर रहा था। मकान से धुआं आते देख उन्होंने पड़ोसी को आवाज लगाई। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक मकान पूरी तरह जल गया। मकान के अंदर रखी खाद्य सामग्री, कपड़े और अन्य सामान जल गया। आग लगते समय घर के सदस्य खेत में काम कर रहे थे।
प्रेम राम का एक बेटा गणेश राम अपनी पत्नी के उपचार के लिए हल्द्वानी गया है, जबकि दूसरा बेड़ीनाग आया था। सामाजिक कार्यकर्ता दीवान डसीला ने राजस्व उप निरीक्षक पवन चौहान को घटना की सूचना दी। चौहान ने मौके पर पहुंचकर आग से हुई क्षति का आंकलन किया। डसीला ने पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत राशि देने और रहने के लिए व्यवस्था किए जाने की मांग की है।