धारचूला के पार्क से सामान ले जाता मजदूर
- फोटो : अमर उजाला
दीनदयाल पार्क में हो रहे निर्माण कार्य ने विकास कार्यों में होने वाली लीपापोती को उजागर कर दिया है। इस पार्क में निर्माण कार्य की जानकारी नगरपालिका को भी नहीं है। वार्ड की सभासद जब पार्क का निरीक्षण करने पहुंची, तब पार्क के सौंदर्यीकरण का काम चलने का खुलासा हुआ। पालिका के अवर अभियंता के मौके पर पहुंचने से पहले ही काम कर रहे मजदूर भाग गए।
धारचूला नगरपालिका के घटधार वार्ड में स्थित दीनदयाल पार्क में एक सप्ताह से निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसकी जानकारी वार्ड सभासद बेला शर्मा को नहीं थी। जब सभासद पार्क का निरीक्षण करने पहुंची तो उन्हें मौके पर मजदूर कार्य करते दिखे। उन्होंने जब मजदूरों से पूछताछ की तो वे भी जवाब दिए बिना सामान समेटकर भाग गए। इसके बाद सभासद बेला शर्मा ने नगरपालिका पहुंचकर विरोध जताया। बाद में उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष को शिकायत पत्र सौंपते हुए कहा कि उनके वार्ड के अंतर्गत आने वाले पार्क में पुनर्निर्माण का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने काम के टेंडर प्रक्रिया, काम के बोर्ड बैठक में पारित होने और अनुमानित लागत की जानकारी मांगी है। इसके अलावा उन्होंने काम के पिछले एक सप्ताह के भीतर शुरू होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष से स्थलीय निरीक्षण कर काम को रोकने और काम के नियमानुसार होने की स्थिति में इसके अभिलेख सार्वजनिक करने की मांग की।
इस मामले में अधिशासी अधिकारी पीएस बोरा ने पार्क में नगरपालिका की ओर से कोई कार्य नहीं करने की बात कही है। इसके बाद सभासद बेला शर्मा, शिवमंदिर वार्ड की सभासद प्रेमावती कुटियाल खंड विकास अधिकारी से मिलने ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल ने भी विकासखंड की ओर से कोई कार्य नहीं होने की जानकारी दी।