धारचूला (पिथौरागढ़)। दारमा घाटी के ग्राम सभा गो में भालुओं ने तीस से अधिक घरों को काफी नुकसान पहुंचाया है। इससे ग्रामीण सहमे हैं। शुक्रवार को गांव के प्रशासक मुकेश ग्वाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसडीएम मंजीत सिंह को ज्ञापन सौंपा।
पूरन ग्वाल ने बताया कि भालुओं ने घरों की छत, दरवाजे तोड़कर वहां रखी खाद्य सामग्री और अन्य घरेलू सामान को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी क्षेत्र में भालुओं ने काफी नुकसान पहुंचाया था और भालुओं को गांव में आने से रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की थी।
उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से राजस्व की टीम गांव में भेजकर नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की। कहा कि अभी ग्राम सभा गो में ही ग्रामीण पहुंचे हैं। घाटी के अन्य गांवों में भी नुकसान की पूरी संभावना है।
एसडीएम मंजीत सिंह ने कहा कि शीघ्र टीम भेज कर नुकसान का आकलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में राजेंद्र ग्वाल, अरविंद बोनाल, कुंवर सिंह आदि शामिल रहे।