चंपावत। मुख्यमंत्री चैंपियन ट्रॉफी खेल महाकुंभ 2026-27 में इस बार युवाओं को बेसबाल और लॉन टेनिस का रोमांच भी देखने को मिलेगा। अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी ने शुक्रवार को युवा कल्याण विभाग के साथ समीक्षा बैठक कर आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
एडीएम गोस्वामी ने स्वास्थ्य विभाग को खेल स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा और एंबुलेंस तैनात करने के साथ ही सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए। नगर पालिका को खेल मैदानों में साफ-सफाई रखने और जल संस्थान को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिले की 24 न्याय पंचायतों में ये स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
महाकुंभ में न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर स्पर्धाएं होंगी। न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता एक से 10 सितंबर तक चलेगी।
इसमें अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका कबड्डी, खो-खो, मुर्गा झपट और एथलेटिक्स में भाग लेंगे। विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी 11 से 20 सितंबर तक होगी। संसदीय क्षेत्र स्तरीय सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी 21 से 30 सितंबर के मध्य आयोजित होगी। 20 से 25 वर्ष की महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए सीधे राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी।