बरेली फ्रंटियर की टीम ट्राफी के साथ
- फोटो : अमर उजाला
भारत तिब्बत सीमा पुलिस की इंटर फ्रंटियर निशानेबाजी प्रतियोगिता बरेली फ्रंटियर ने जीत ली है। फ्रंटियर स्तर की इस प्रतियोगिता में आईटीबीपी की बरेली फ्रंटियर, गंगटोक फ्रंटियर और लखनऊ फ्रंटियर के निशानेबाजों ने प्रतिभाग किया।
7वीं वाहिनी में आयोजित दो दिनी निशानेबाजी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बोलते हुए सेनानी महेंद्र प्रताप ने कहा कि एक अच्छे निशानेबाज को अनुशासन और एकाग्रता की आवश्यकता होती है। प्रतियोगिता में बरेली फ्रंटियर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर सर्वाधिक 835 अंक बटोर कर प्रतियोगिता पर कब्जा किया। गंगटोक फ्रंटियर के निशानेबाज 805 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
लखनऊ फ्रंटियर के निशानेबाज 795 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। तीनों फ्रंटियर में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले निशानेबाजों का चयन इंटर फ्रंटियर टीम के लिए किया जा रहा है। 18 से 21 जुलाई तक इंटर फ्रंटियर प्रतियोगिता पंचकुला हरियाणा में आयोजित की जाएगी। विजेता टीम को सेनानी ने ट्राफी दी। इस मौके पर वाहिनी के सभी अधिकारी और जवान मौजूद थे।