बैंकों में उमड़ी भीड़, नोट जमा कराने को रहे परेशान
- फोटो : अमर उजाला
जिले के बैंकों में बृहस्पतिवार को काफी भीड़ रही। प्रचलन से बाहर हो चुके 500 और 1000 के नोट जमा करने और उनके बदले प्रचलित नोट लेने के लिए लोग सुबह आठ बजे से ही बैंक के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो गए। बैंक ने रिजर्व बैंक से मिले निर्देशों के अनुसार आज एक व्यक्ति को सिर्फ पुराने नोटों के बदले सिर्फ 4000 रुपए ही दिए। एटीएम बंद थे, इस कारण लोगों ने विल्ड्राल फार्म के जरिए भी भुगतान प्राप्त किया। सबसे बड़ी दिक्कत पुराने नोट जमा कराने में आई। पुराने नोट जमा करने के लिए कोई सीमा तय नहीं है। सिर्फ जमाकर्ता को बैंक में खुद उपस्थित होना पड़ रहा है और बैंक में उसका खाता होना चाहिए। स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में अतिरिक्त काउंटर लगाए गए।
महिलाओं और पुरुषों के लिए रुपए जमा करने तथा नोट बदलने के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए। पुलिस का बंदोबस्त किया गया। बैंक में अभी नए नोट नहीं पहुंचे हैं। बैंक के अधिकारी इस बारे में कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं। अलबत्ता यह कहा जा रहा है कि बैंक के पास प्रचलित 100, 50, 20, 10 के नोटों की कमी नहीं है। इनको ही लोगों को उपलब्ध कराया जा रहा है। भीड़ को देखते हुए बैंक में पुलिस की ड्यूटी लगाई गई। नगर के कई बैंकों में रुपए सुबह 11 बजे ही समाप्त हो गए। नोट बदलने और जमा कराने को लेकर आज भारी अफरा तफरी का माहौल रहा। अभी कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी।
धारचूला में स्टेट बैंक के प्रबंधक बीएस सीपाल ने बताया कि अभी नए नोट नहीं आए हैं। लोगों को पुराने नोट के बदले 100 और 50 के नोट दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंक के पास इन नोटों की कोई कमी नहीं है। वह धैर्य के साथ अपने पुराने नोटों को एक्सचेंज करा सकते हैं। पंजाब नेशनल बैंक की धारचूला शाखा में सुबह ही 100 और 50 के नोट समाप्त हो गए। बैंक प्रबंधक जीएस दुग्ताल ने बताया कि लोग पुराने नोटों को जमा कराने के लिए आ सकते हैं। यह नोट उनके खाते में डाल दिए जाएंगे। गणाईगंगोली, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, डीडीहाट, थल, मुनस्यारी समेत बैंक की सभी शाखाओं में लोगों की भारी भीड़ रही।