अस्पतालों की दशा सुधारने की मांग पर प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
सीमांत यूथ मोर्चा (सीयूमो) के सदस्यों और वकीलों ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा। मांग की कि सरकारी डाक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाई जाए और रात में महिला अस्पताल में पुलिस की गश्त लगाई जाए।
सीयूमो के प्रदेश अध्यक्ष सुशील खत्री और जिला अधिवक्ता संस्था के पूर्व सचिव निर्मल चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने मांग की कि डाक्टरों को यह निर्देश दिए जाएं कि वह मरीजों के लिए जेनेरिक दवाएं ही लिखें। इसके अलावा 108 सेवा का संचालन सिर्फ जिले के अंदर ही करने, डाक्टरों के रिक्त पदों को भरने, जिला अस्पताल से एक निश्चेतक का स्थानांतरण महिला अस्पताल में करने, मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ सहानुभूति पूर्वक व्यवहार करने जैसी मांगें उठाई गई।
डीएम डा. रंजीत सिन्हा ने कहा कि पिछले दिनों हुई जिला अस्पताल प्रबंध समिति की बैठक में इस आशय के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। अब दुबारा इसे चेक कराया जाएगा। प्रदर्शन में कई लोग शामिल हुए। यह भी चेतावनी दी गई कि यदि व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।